हरदोई: घर के बाहर जुआ खेलने से रोका तो खूनी संघर्ष, दो भाई गंभीर रूप से घायल
हरदोई के काशीराम कॉलोनी में जुआ खेलने से रोकने पर हमलावरों ने दो भाइयों को लहूलुहान कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सिर्फ जुआ खेलने से मना करने पर दो भाइयों को बेरहमी से पीटा गया। कोतवाली देहात इलाके की काशीराम कॉलोनी में हुए इस विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि हमलावरों ने हथियारों और पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें दो सगे भाई लहूलुहान हो गए।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित मोहित (38 वर्ष), जो पेशे से पेंटर और ई-रिक्शा चालक है, जब अपने घर लौटा तो उसने देखा कि अल्लाह रख्खा और उसका भाई उसके दरवाजे पर बैठकर जुआ खेल रहे थे। मोहित ने जब उन्हें वहां से हटने और जुआ बंद करने को कहा, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और वहां से चले गए। लेकिन यह शांति सिर्फ कुछ पलों की थी।
25-30 लोगों की भीड़ ने किया हमला
आरोप है कि महज पांच मिनट बाद अल्लाह रख्खा और उसका भाई अपने साथ करीब 25 से 30 लोगों की भीड़ लेकर वापस लौटे। इस भीड़ ने मोहित और उसके भाई उदयराज (ऑटो चालक) पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने न केवल ईंट-पत्थरों से उन पर वार किया, बल्कि चाकू से भी हमला किया।
इस हिंसक झड़प में उदयराज के हाथ में चाकू लगने से गहरा जख्म हुआ, वहीं मोहित के सिर पर पत्थरों से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद डायल 112 पुलिस की मदद से दोनों घायल भाइयों को तुरंत स्थानीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।