हापुड़ की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल कर्मियों ने पाया काबू
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक केमिकल फैक्ट्री में रविवार रात भीषण आग लग गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां धौलाना थाना क्षेत्र के UPSIDC इलाके में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में रविवार रात भीषण आग लग गई। आग इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अजय शर्मा के मुताबिक, विभाग को रविवार रात करीब 11:45 बजे इस आग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
जांच में जुटा प्रशासन
फिलहाल राहत की बात यह है कि आग को नियंत्रित कर लिया गया है, लेकिन इस हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि आग किस वजह से लगी, इसकी जांच की जा रही है। प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि क्या यह किसी शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ या केमिकल रिएक्शन के कारण यह हादसा हुआ।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में आगजनी की घटनाएं बढ़ी हैं। इससे पहले लखनऊ के गोमती नगर स्थित सहारा सिटी के मुख्य गेट के पास पार्किंग एरिया में भी भीषण आग लगी थी, जिससे आसपास के इलाके में काफी दहशत फैल गई थी। हालांकि, वहां भी दमकल विभाग ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया था।