हमीरपुर: बिजली विभाग कार्यालय में बवाल, महिला कर्मचारी ने अधिशासी अभियंता को जड़े थप्पड़
हमीरपुर के बिजली विभाग कार्यालय में महिला कर्मचारी ने छेड़खानी का आरोप लगाते हुए अधिशासी अभियंता की पिटाई कर दी, वीडियो वायरल।

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बिजली विभाग के कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला कर्मचारी ने अपने ही सीनियर अधिकारी पर हमला बोल दिया। महिला कर्मचारी ने अधिशासी अभियंता मनोज कुमार विश्वकर्मा पर छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़ दिए। इस घटना के बाद पूरे दफ्तर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना कार्यालय के भीतर की है। बताया जा रहा है कि महिला कर्मचारी अचानक अधिशासी अभियंता के पास पहुंची और गुस्से में उन पर हमला कर दिया। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि जब महिला कर्मचारी उन्हें थप्पड़ मार रही थी, तब अभियंता चुपचाप अपनी कुर्सी पर बैठे रहे और उन्होंने कोई खास प्रतिक्रिया नहीं दी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरी घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला कर्मचारी का गुस्सा और अधिकारी की खामोशी साफ देखी जा सकती है। कार्यालय में मौजूद अन्य लोग इस अचानक हुए हंगामे को देखकर दंग रह गए। फिलहाल यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस घटना के पीछे की पूरी सच्चाई जानने की कोशिश कर रहे हैं।