हमीरपुर: 3 साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद बेरहमी से की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में 3 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मस्करा थाना क्षेत्र में एक तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। इस जघन्य अपराध के बाद इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा गहरौली रोड इलाके में हुआ। रविवार दोपहर को बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब वह नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई। कुछ समय बाद बच्ची का शव पास के ही एक खेत में पड़ा मिला, जिसे देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
ग्रामीणों का हंगामा और पुलिस की कार्रवाई
जैसे ही बच्ची के शव की बरामदगी हुई, स्थानीय लोगों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस बीच, पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में काफी नाराजगी देखी गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और काफी देर तक शव को घटनास्थल से हटाने का विरोध किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अरविंद कुमार वर्मा और रथ क्षेत्राधिकारी (CO) राजीव प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों की पुलिस तैनात की गई है।
पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।