हल्द्वानी में नाबालिग से गैंगरेप: पूर्व ABVP प्रत्याशी समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी के एक होटल में नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने पूर्व ABVP प्रत्याशी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Shubham Singh13 November 20261 min read0 views
हल्द्वानी में नाबालिग से गैंगरेप: पूर्व ABVP प्रत्याशी समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ होटल में गैंगरेप किया गया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में धीरज बिष्ट भी शामिल है, जिसने MBPG कॉलेज के छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ा था।

घटना की जानकारी देते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मंजुनाथ टीसी ने बताया कि मुखानी पुलिस स्टेशन में पीड़िता के परिवार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, चार युवकों ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर और डरा-धमकाकर मुखानी थाना क्षेत्र के एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

CCTV फुटेज से खुला राज, पुलिस ने कसा शिकंजा

मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP ने तुरंत SHO को FIR दर्ज करने और आरोपियों की तलाश में टीमें लगाने के निर्देश दिए। पुलिस ने जब होटल परिसर की जांच की और वहां लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, तो घटना की पुष्टि हो गई। सबूतों के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों—धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु बोनी को धर दबोचा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान उन्होंने इस घिनौने अपराध को स्वीकार कर लिया है। फिलहाल पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में कानून के मुताबिक सबसे सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।

Share:

Comments

Leave a comment