ग्वालियर: ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
ग्वालियर पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह को पकड़ा। 27 मोबाइल और 2 लैपटॉप जब्त, विदेश से जुड़े हैं तार।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन गेमिंग धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया है। ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में चल रहे इस काले कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 27 मोबाइल फोन और दो लैपटॉप जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल लोगों को ठगने के लिए किया जा रहा था।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान ग्वालियर के हजीरा निवासी अजय कुशवाहा और बिहार के मधुबनी निवासी गुड्डू के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर में एक ऐसा सेटअप चलाया जा रहा है, जहां लोगों को ऑनलाइन गेम खेलने का लालच देकर उनके पैसे हड़पे जा रहे हैं। इस सूचना पर जब बहोदपुर पुलिस ने छापा मारा, तो वहां अजय और गुड्डू मौजूद मिले।
जीत का लालच देकर बिछाते थे जाल
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ठगी का एक चौंकाने वाला तरीका बताया। वे लोगों को एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए जोड़ते थे। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए यूजर्स को तीन बार तक पैसे जीतने दिए जाते थे। जब पीड़ित को यकीन हो जाता कि वह पैसा कमा रहा है, तो उसे बड़े दांव लगाने के लिए उकसाया जाता और फिर उसकी पूरी रकम हड़प ली जाती। पुलिस के मुताबिक, इस ऑपरेशन के जरिए रोजाना करीब 4 से 6 लाख रुपये का लेनदेन किया जा रहा था।
जांच में यह बात सामने आई है कि इस पूरे खेल के लिए ऐप और अन्य संसाधन महाराष्ट्र के 'हेनड्रिक्स' नामक व्यक्ति ने उपलब्ध कराए थे। पुलिस ने इस मामले में 30 म्यूल बैंक खातों और सिम कार्डों का विवरण भी जुटाया है।
क्राइम ब्रांच के डीएसपी मनीष यादव ने बताया कि इस तरह के साइबर अपराधों के तार अक्सर विदेशों से जुड़े होते हैं। जालसाज टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में रहते हैं। ठगी के बाद पैसे को म्यूल खातों के जरिए घुमाया जाता है और फिर उसे USDT (क्रिप्टोकरेंसी) के रूप में विदेश भेज दिया जाता है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सके।