ग्रेटर नोएडा: एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत, फूड पॉइजनिंग या साजिश?

Sushant Singh17 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
ग्रेटर नोएडा: एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत, फूड पॉइजनिंग या साजिश?

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही घर में माता-पिता और उनके तीन मासूम बच्चों के शव बरामद हुए। शनिवार सुबह जब परिवार के सदस्य नहीं जागे, तो हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान 37 वर्षीय महेश, उनकी पत्नी 35 वर्षीय ललिता और उनके तीन बच्चों—11 साल के लड्डू, 7 साल की मिष्टी और 3 साल के साक्षात के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में यह मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है, क्योंकि परिवार ने शुक्रवार रात को एक साथ भोजन किया था। डीसीपी श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक, प्राथमिक तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस ने मौके से खाना बनाने के बर्तन और अन्य नमूने लैब जांच के लिए जब्त कर लिए हैं।

फूड पॉइजनिंग या पारिवारिक रंजिश?

इस मामले में जांच की दिशा अब कई मोड़ ले रही है। जहां एक तरफ चर्चा है कि रात में खाए गए नूडल्स की वजह से यह हादसा हुआ, वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह का कहना है कि शुरुआती निरीक्षण में जहर या विषाक्तता के स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं। वहीं, परिवार के कुछ सदस्यों ने एक चौंकाने वाला आरोप लगाया है। उनका दावा है कि सास और ननद के साथ चल रहे संपत्ति विवाद के कारण यह जानलेवा कदम उठाया गया हो सकता है।

पड़ोसियों और चश्मदीदों ने बताया कि बच्चों के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। पुलिस अब इस पूरे मामले को तीन अलग-अलग नजरियों से देख रही है—क्या यह कोई हादसा था, सामूहिक आत्महत्या थी या फिर सोची-समझी हत्या। फिलहाल पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

Share:

Comments

Leave a comment