ग्रेटर नोएडा: एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत, पड़ोसियों ने लगाया गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। मरने वालों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है और पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि आखिर एक साथ पांच लोगों की जान कैसे चली गई।
यह दुखद घटना रबूपुरा थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात को पूरा परिवार खाना खाने के बाद सो गया था, लेकिन शनिवार सुबह जब एक बच्चे को परीक्षा के लिए जगाया गया, तो वह नहीं उठा। जब परिवार के अन्य सदस्यों को देखा गया, तो पता चला कि सभी की मौत हो चुकी है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
संपत्ति विवाद और 'मैगी' का एंगल
इस मामले में मोड़ तब आया जब पड़ोसियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। पड़ोसियों का आरोप है कि परिवार में संपत्ति को लेकर काफी विवाद चल रहा था। उनका दावा है कि मृतक व्यक्ति की मां अक्सर परिवार को घर से निकालने की धमकी देती थी और उसने संपत्ति अपनी बेटी के नाम कर दी थी।
पड़ोसियों ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार जब एक मेले से वापस लौटा था, तब मृतक की मां ने उनके लिए मैगी बनाई थी और उन्हें खिलाई थी। उनका कहना है कि घर में आए दिन झगड़े होते थे और इस घटना के पीछे गहरी साजिश हो सकती है।
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस और फॉरेंसिक टीमें वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा, "यह एक बेहद दुखद घटना है। हमने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। परिवार ने रात 10 से 10:30 बजे के बीच भोजन किया था। हम उन चीजों की जांच कर रहे हैं जो उन्होंने खाई थीं।"
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। तब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह सामूहिक आत्महत्या है, कोई हादसा या फिर सोची-समझी हत्या। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है।