गोरखपुर: खेत की जुताई को लेकर छिड़ा विवाद, चाचा ने भतीजे को गोली मारकर उतारा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीन के एक टुकड़े और खेत की जुताई को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। इस विवाद में एक सगे चाचा ने अपने ही 22 वर्षीय भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। यह पूरी वारदात हरपुर बुधत थाना क्षेत्र के करनापुरा गांव के मठाउली इलाके में दिनदहाड़े घटित हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आदर्श पांडेय के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सुबह के समय खेत की जुताई को लेकर आदर्श और उसके चाचा राधेश्याम पांडेय के बीच तीखी बहस हो रही थी। देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि राधेश्याम ने गुस्से में आकर आदर्श पर गोली चला दी। गोली लगते ही आदर्श लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
गांव में फैला तनाव, पुलिस की छापेमारी जारी
घटना के तुरंत बाद आनन-फानन में घायल आदर्श को सहजनवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
सर्किल ऑफिसर आभा सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सुबह हुए विवाद के दौरान चाचा ने अपने भतीजे को गोली मारी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपी राधेश्याम पांडेय की तलाश में जुटी हैं और अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।