गोरखपुर: मूर्ति विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई, 3 की मौत
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। बुधवार शाम जब श्रद्धालु विसर्जन के लिए जा रहे थे, तभी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
यह घटना गुलरिहा थाना क्षेत्र के अयोध्या प्रसाद चौहान टोला स्थित राजाही चौराहे के पास करीब शाम 5 बजे घटी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर एक लंबा लोहे का रॉड लगा था, जो ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। जैसे ही रॉड तार के संपर्क में आया, पूरे वाहन में बिजली दौड़ गई और वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
अपनों को खोने पर भड़के लोग, अस्पताल के बाहर प्रदर्शन
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 17 वर्षीय लकी, 18 वर्षीय विक्की और उनके 21 वर्षीय चचेरे भाई चंदन के रूप में हुई है। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। घायलों को तुरंत बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से पांच की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इस अफरा-तफरी के बीच एक पुलिस कांस्टेबल को भी हल्का करंट लगा।
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सामने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन से जवाब मांगा। हंगामे की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. कौस्तुभ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।
प्रशासन ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उन दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है, जो विसर्जन जुलूस की सुरक्षा में तैनात थे और एस्कॉर्ट कर रहे थे। हादसे के समय मौके पर एडीएम और चौरीचौरा के सीओ समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।