गोरखपुर: रील के चक्कर में जान जोखिम में, एक बाइक पर सवार 7 युवकों का वीडियो वायरल
गोरखपुर में रील बनाने के चक्कर में एक बाइक पर 7 युवक सवार होकर फर्राटा भरते दिखे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शुरू की कार्रवाई।

सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज की भूख इंसान को किस हद तक ले जा सकती है, इसका एक हैरान करने वाला मामला उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सामने आया है। यहाँ कुछ 'खतरों के खिलाड़ियों' ने रील बनाने के लिए यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए एक ही बाइक पर सात लोगों के सवार होकर फर्राटा भरने का वीडियो शूट किया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक हीरो स्पलेंडर बाइक पर सात युवक सवार हैं और फोरलेन फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार में दौड़ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना है। बाइक की टंकी पर दो, बीच में दो और पीछे तीन लड़के बैठे हुए हैं। वे एक-दूसरे को पकड़कर हंसते हुए कैमरे की तरफ देख रहे हैं और उनके पैर हवा में लटके हुए हैं। वीडियो पर कैप्शन लिखा है— "यह Hero Splendor+ का Power है"।
पुलिस की रडार पर आए स्टंटबाज
जैसे ही यह वीडियो इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) पर वायरल हुआ, लोगों ने गोरखपुर पुलिस को टैग कर इस लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वीडियो में बाइक का नंबर (UP53EX8041) और बाइक चला रहे युवक का इंस्टाग्राम हैंडल साफ नजर आ रहा है, जिससे पुलिस के लिए उनकी पहचान करना आसान हो गया है।
इस मामले पर संज्ञान लेते हुए एसपी ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है और यातायात निरीक्षक को जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवकों को चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है और पकड़े जाने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो भी लोग रील बनाने के नाम पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।