गोंडा: पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद की खून से सनी कुल्हाड़ी

गोंडा की कौड़िया पुलिस ने पत्नी की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद की।

Shubham Singh23 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
गोंडा: पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद की खून से सनी कुल्हाड़ी

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। हालांकि, कानून के लंबे हाथ आरोपी तक पहुंच ही गए और कौड़िया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उस कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया है, जिससे इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया था।

यह पूरी घटना ग्राम कोटिया मदारा की है। पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर की रात करीब 11 बजे मनोज कुमार शुक्ला नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी सुमन शुक्ला के सिर पर कुल्हाड़ी से जोरदार हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस खौफनाक मंजर को देखने के बाद मृतका के बेटे किशन शुक्ला ने तुरंत फोन कर अपनी नानी सीतावती तिवारी को जानकारी दी। जब नानी अपने परिजनों के साथ घर पहुंचीं, तो सुमन का शव बिस्तर पर पड़ा मिला।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

घटना के बाद मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। 21 नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी मनोज कुमार शुक्ला गांव के बाहर एक प्राथमिक विद्यालय के पास खेतों में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसने वारदात के बाद कुल्हाड़ी को घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद कर लिया है। इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।

Share:

Comments

Leave a comment