गोंडा: खेत से बैटरी और फेंसिंग मशीन चुराने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
गोंडा की कोतवाली देहात पुलिस ने खेत से बैटरी और इलेक्ट्रिक फेंसिंग मशीन चुराने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है।

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक चोरी की वारदात का खुलासा किया है। कोतवाली देहात पुलिस ने खेत के कमरे से बैटरी और इलेक्ट्रिक फेंसिंग मशीन चुराने वाले तीन आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया सामान और कुछ नकदी भी बरामद कर ली है।
पूरा मामला शुभगपुर गांव का है, जहां रहने वाले सुनील कुमार मौर्य के खेत पर बने एक कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने धावा बोला था। 28 अक्टूबर की रात को हुई इस चोरी में बदमाशों ने एक 12 वोल्ट की बैटरी और इलेक्ट्रिक फेंसिंग मशीन पार कर दी थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
झाड़ियों में छिपे थे आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस टीम गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर हरकत में आई। खबर मिली थी कि चोरी में शामिल तीन संदिग्ध चमनमुनि आश्रम श्मशान घाट के पास झाड़ियों में छिपे हुए हैं और चोरी के सामान को बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने बिना समय गंवाए मौके पर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोनू, उमेश और कुलदीप वर्मा के रूप में हुई है, जो सभी कोतवाली देहात क्षेत्र के ही भीटी पटखौली के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने एक पेड़ के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई इलेक्ट्रिक फेंसिंग मशीन और बैटरी बरामद कर ली। साथ ही उनके पास से 480 रुपये नकद भी मिले हैं।
इस सफल कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर सुशील कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल विनोद सिंह और कांस्टेबल नरेंद्र यादव, विकास यादव व सर्वेश कुमार की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें अदालत भेज दिया है।