गोंडा में ₹280 करोड़ की नई रेल लाइन को मंजूरी, अब प्रयागराज और वाराणसी से सफर होगा आसान
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के लिए रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जिले में झिलही और टिकरी के बीच एक नई रेल लाइन बिछाने की योजना को हरी झंडी मिल गई है। लगभग 280.17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी, बल्कि यात्रियों के समय की भी बड़ी बचत करेगी।
इस प्रोजेक्ट के तहत 15.72 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही मनकापुर और टिकरी के बीच 28.37 किलोमीटर लंबे ट्रैक का दोहरीकरण (doubling) किया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि मनकापुर में एक 'Y-कनेक्शन' बनाया जाएगा, जिससे ट्रेनों और मालगाड़ियों को इंजन बदलने या रिवर्स करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस तकनीकी बदलाव से गोंडा और मनकापुर के बीच यात्रा के समय में करीब 45 मिनट की कमी आएगी और प्रयागराज व वाराणसी से गोंडा के लिए सीधी ट्रेनें चलाना संभव हो सकेगा।
जमीन अधिग्रहण और फॉरेस्ट क्लीयरेंस का काम तेज
परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए प्रशासन ने तेजी से कदम बढ़ाए हैं। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और गोंडा जिले में 3.19 हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण के लिए गजट नोटिफिकेशन की प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही जमीन का काम पूरा होगा, निर्माण कार्य तुरंत शुरू कर दिया जाएगा।
वहीं, टिकरी-झिलही सेक्शन के लिए वन विभाग से मंजूरी लेने के लिए 'परिवेश पोर्टल' के जरिए प्रस्ताव भेजा गया है। उत्तर पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के मुताबिक, वन विभाग वर्तमान में पेड़ों की गिनती और उनके मूल्यांकन का काम कर रहा है। रेलवे द्वारा आवश्यक फंड जमा किए जाने के बाद अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया जाएगा।
इसके अलावा, प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी रेल विस्तार जारी है। मथुरा-अलीगढ़ रेल लाइन (मेडू जंक्शन के रास्ते) के लिए उत्तर मध्य रेलवे द्वारा फाइनल लोकेशन सर्वे किया जा रहा है। सांसद हेमा मालिनी ने इस रेल लिंक को जल्द पूरा करने के लिए रेलवे के जनरल मैनेजर को पत्र लिखकर अनुरोध किया है, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।