गोंडा: सोते समय पति ने कुल्हाड़ी से काटकर पत्नी को उतारा मौत के घाट, गांव में सनसनी
गोंडा के कौड़िया क्षेत्र में एक पति ने सोते समय अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक शख्स ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना थाना कौड़िया क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोटिया मदारा की है, जहां शुक्रवार की रात एक घर में चीख-पुकार मच गई जब पति ने सोते समय अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, करीब 35 वर्षीय सुमन शुक्ला अपने पति मनोज कुमार शुक्ला के साथ घर में सो रही थी। रात करीब 11 बजे मनोज ने अचानक कुल्हाड़ी उठाई और सुमन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना भीषण था कि सुमन की मौके पर ही मौत हो गई। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई है।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
इस वारदात ने दो मासूम बच्चों की दुनिया उजाड़ दी है। मृतका सुमन के 12 साल का बेटा किशन और 4 साल की बेटी शगुन अब अनाथ हो गए हैं। मां की मौत की खबर सुनते ही बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं।
घटना के बाद मृतका की मां सितावती तिवारी ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में दामाद मनोज कुमार शुक्ला और अपनी बेटी की सास के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर किस वजह से मनोज ने इतना खौफनाक कदम उठाया।