गोंडा में पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी की भैंसें बरामद
गोंडा पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस की मदद से पशु चोर गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ा और चोरी की तीन भैंसें बरामद कीं।

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पशु चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों के लिए पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। मोतीगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की एक संयुक्त टीम ने एक शातिर पशु चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस ने इन आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन भैंसें (दो भैंस और एक पड़िया) बरामद की हैं, साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
यह पूरी कार्रवाई 23 और 24 नवंबर की दरमियानी रात को हुई। पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से खबर मिली कि गोविन्दपारा इलाके में कुछ संदिग्ध लोग मोटरसाइकिल से रेकी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया। जब पुलिस ने उनसे कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस टीम कोतवाली नगर क्षेत्र के बस्ती इमामबाड़ा पहुंची, जहां आरोपियों ने चोरी के पशुओं को छिपाकर रखा था।
दिन में रेकी और रात में चोरी का था खेल
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सज्जाद, जुबेर और शालू के रूप में हुई है, जो गोंडा के कोतवाली नगर इलाके के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करने का अपना अनोखा तरीका बताया। उन्होंने खुलासा किया कि वे गिरोह बनाकर पहले दिन के समय गांवों में घूमते थे और उन पशुओं की रेकी करते थे जिन्हें चुराना आसान हो। रात के अंधेरे में वे मौका पाकर पशुओं को चोरी करते और उन्हें सुनसान जगहों पर छिपा देते थे। जब उनके पास काफी संख्या में पशु जमा हो जाते, तो वे उन्हें दूर के बाजारों में बेचकर पैसों को आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों ने 4 नवंबर को दर्जीकुआं दौलतपुर ब्राह्मणपुरवा, 15 नवंबर को कोयली जंगल और 21-22 नवंबर की रात बिरवा बभनी में हुई पशु चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया है। पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है; विशेष रूप से सज्जाद के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि जुबेर और शालू भी पुराने अपराधी हैं।
इस सफल ऑपरेशन में थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर, एसओजी प्रभारी आशुतोष सिंह और सर्विलांस प्रभारी मनीष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है।