कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू झांसी से गिरफ्तार, जालसाजी और SC-ST एक्ट का मामला
उत्तराखंड पुलिस ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू को झांसी से गिरफ्तार किया है। उन पर जालसाजी और SC-ST एक्ट के गंभीर आरोप हैं।

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को उत्तर प्रदेश की झांसी पुलिस और उत्तराखंड पुलिस के साझा प्रयासों से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरधारी लाल पिछले कुछ समय से फरार चल रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर उनकी तलाश शुरू की थी। उन्हें झांसी के एक निजी विश्वविद्यालय परिसर के बाहर से दबोचा गया।
देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरधारी लाल साहू के खिलाफ जालसाजी और एससी-एसटी एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था। इस मामले में एक अन्य आरोपी सत्येंद्र ठाकुर को भी उधम सिंह नगर के किच्छा से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि इन दोनों आरोपियों ने मिलकर एक बड़ी साजिश रची थी, जिसके तहत फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेकर रेखा आर्य को एक कंपनी के डायरेक्टर पद से हटाया गया और उनकी जगह सत्येंद्र ठाकुर को डायरेक्टर बना दिया गया।
44 से ज्यादा आपराधिक मामले और गंभीर आरोप
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि गिरधारी लाल साहू का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। एसएसपी के मुताबिक, उन पर अब तक 44 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें से कुछ में उन्हें सजा भी मिल चुकी है और कई मामले अभी भी अदालत में लंबित हैं।
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने खुद अपने पति के खिलाफ देहरादून के कैंट पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई थी। मंत्री ने अपनी शिकायत में बेहद गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों से उनके पति का व्यवहार बदल गया था और उनके अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो गिरधारी लाल ने पहले माफी मांगी, लेकिन बाद में उन्होंने शारीरिक हिंसा और गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि गिरधारी लाल ने उनके आधिकारिक आवास पर कर्मचारियों के सामने उनकी जाति को लेकर अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस अब दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई और सबूत जुटाने की प्रक्रिया में जुटी है।