गाजियाबाद के मोदिनगर में बड़ा हादसा: लिंटल गिरने से कई मजदूर मलबे में फंसे
गाजियाबाद के मोदिनगर में निर्माण कार्य के दौरान लिंटल गिरने से कई मजदूरों के मलबे में दबने की खबर है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। मोदिनगर इलाके के सिकरी गांव में निर्माण कार्य के दौरान अचानक लिंटल गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूरों के मलबे में दबने की आशंका है। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया।
डीसीपी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, लगभग 5 से 8 मजदूर मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल हादसे के कारणों और हताहतों की सटीक संख्या का पता लगाया जा रहा है।
वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाके की खबर
गाजियाबाद में ही एक अन्य घटना शुक्रवार रात को इंदिरापुरम क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुई। यहां एक कथित धमाका हुआ, जिससे चौकी की दो खिड़कियों के कांच टूट गए और उनमें दरारें आ गईं। इस हादसे में एक डिलीवरी बॉय कांच के टुकड़ों से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डीसीपी रिजुल कुमार ने बताया कि घायल डिलीवरी बॉय अब पूरी तरह स्वस्थ है और किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में मौके से किसी भी तरह के विस्फोटक, बारूद या केमिकल के अवशेष नहीं मिले हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर 'तहरीक-ए-मुजाहिदीन' नामक समूह द्वारा इस घटना की जिम्मेदारी लेने के दावे किए जा रहे हैं, जिसकी पुलिस गहनता से जांच कर रही है।