गाजियाबाद: मुठभेड़ के बाद 50 हजार का इनामी अपराधी 'नागिन' गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को मुठभेड़ के बाद धर दबोचा है। यह अपराधी फरमान है, जिसे इलाके में 'नागिन' के नाम से जाना जाता है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और लिंक रोड पुलिस ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
घटना की पूरी जानकारी देते हुए एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कार चोरी के मामलों में शामिल आरोपी फरमान, लिंक रोड थाना क्षेत्र के बृज विहार चौकी इलाके में आने वाला है। इस टिप ऑफ पर तुरंत एक्शन लेते हुए क्राइम ब्रांच और लिंक रोड पुलिस की एक संयुक्त टीम ने सूर्यनगर चौराहे पर नाकाबंदी की और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
अपराधी ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
चेकिंग के दौरान पुलिस की नजर एक सफेद रंग की कार पर पड़ी, जिस पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी। जब पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने गाड़ी रोकने के बजाय पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर दी और तेजी से फरार हो गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, जिसके बाद वह राधाकुंज इलाके के एक कच्चे रास्ते पर जा पहुंचा। वहां रास्ता बंद होने के कारण वह फंस गया और उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी फरमान उर्फ 'नागिन' के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
पकड़े गए अपराधी का रिकॉर्ड बेहद चौंकाने वाला है। फरमान के खिलाफ 100 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 24 से अधिक लूट, 36 से ज्यादा स्नैचिंग और 36 से अधिक चोरी के केस शामिल हैं। इसके अलावा उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर का पिस्टल, जिंदा और खाली कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही, महंगी कारों की चोरी में इस्तेमाल होने वाला एक विशेष डिवाइस भी जब्त किया गया है।