मेरठ: इनामी गैंगस्टर बदन सिंह बड्डो पर जबरन वसूली और कब्जा करने का केस दर्ज
5 लाख का इनामी गैंगस्टर बदन सिंह बड्डो ने NRI से मांगे 1 करोड़ रुपये, मेरठ पुलिस ने दर्ज किया मामला।

उत्तर प्रदेश पुलिस की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल और 5 लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर बदन सिंह बड्डो की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। मेरठ में बदन सिंह बड्डो के खिलाफ जबरन वसूली और प्रॉपर्टी पर अवैध कब्जे की कोशिश का एक नया मामला दर्ज किया गया है। हैरानी की बात यह है कि यह अपराधी पिछले सात सालों से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा है और अब उसने सात समंदर पार बैठे एक NRI को अपना निशाना बनाया है।
पूरा मामला अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहने वाले कमलजीत सिंह पवार से जुड़ा है। कमलजीत सिंह पवार ने उत्तर प्रदेश पुलिस और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायत भेजी है कि बदन सिंह बड्डो ने उन्हें फोन कर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बड्डो ने मेरठ में स्थित उनकी पत्नी की प्रॉपर्टी पर अवैध कब्जा कर रखा है और अब इस कब्जे को हटाने के बदले में 1 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम की मांग की है।
साजिश में शामिल हैं बहन और सहयोगी
शिकायतकर्ता कमलजीत सिंह पवार का आरोप है कि यह पूरी साजिश अकेले बदन सिंह बड्डो ने नहीं रची है। इस खेल में उसकी बहन और सोहन सिंह नाम का एक सहयोगी भी शामिल है। इन लोगों ने मिलकर न केवल घर पर कब्जा किया, बल्कि अब पैसों के लिए डराने-धमकाने का सिलसिला भी शुरू कर दिया है।
हालांकि, पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन सवाल अब भी वही खड़ा है कि क्या मेरठ पुलिस इस शातिर अपराधी को पकड़ पाएगी? क्योंकि उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UPSTF) पिछले सात वर्षों से उसकी तलाश कर रही है, लेकिन बड्डो अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस हाई-प्रोफाइल मामले में कितनी जल्दी कार्रवाई करता है।