यूपी में दिवाली और होली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगा मुफ्त सिलेंडर, सीएम योगी का बड़ा ऐलान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने उज्ज्वला योजना के तहत पात्र परिवारों के लिए दिवाली और होली पर एक-एक मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का ऐलान किया है।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य के गरीब परिवारों को त्योहारों का तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले पात्र परिवारों को अब दिवाली और होली के मौके पर एक-एक मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल दिया जाएगा। यह फैसला राज्य के उन करोड़ों परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं।
लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 1.89 करोड़ लाभार्थियों को रिफिल सब्सिडी वितरित की। इस पूरी योजना के लिए राज्य सरकार ने 1,500 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट आवंटित किया है। सीएम योगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत और सब्सिडी का गणित समझाते हुए कहा कि एक सिलेंडर की कीमत 983.45 रुपये है, जिसमें से केंद्र सरकार 335 रुपये की सब्सिडी देती है, जिससे उपभोक्ता को अपनी जेब से 648.55 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। अब दिवाली और होली पर मिलने वाले मुफ्त सिलेंडर से बचाए गए पैसों का उपयोग गरीब परिवार मिठाई और दीये खरीदने के लिए कर सकेंगे।
सुशासन और सामाजिक एकता पर जोर
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान एक गैस कनेक्शन पाने के लिए लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन वर्तमान सरकार ने गरीबों को मुफ्त कनेक्शन देकर सुशासन का उदाहरण पेश किया है।
इसके अलावा, सीएम योगी ने अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव को सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले की सरकारें जातिगत राजनीति में उलझी रहती थीं और समाज को जोड़ने वाली सांस्कृतिक शक्तियों की अनदेखी करती थीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि दीपोत्सव ने राम नगरी की सांस्कृतिक विरासत को एक ऐसे उत्सव में बदल दिया है, जिसमें समाज के हर वर्ग के लोग बिना किसी भेदभाव के शामिल होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह अलग-अलग हाथों में जलते दीयों की रोशनी पूरे समाज को एक करती है, वही संदेश दीपोत्सव का है।