कन्नौज: पूर्व भाजपा सांसद सुब्रत पाठक के एस्कॉर्ट वाहन का हादसा, हेड कांस्टेबल की मौत

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें पूर्व भाजपा सांसद सुब्रत पाठक के एस्कॉर्ट वाहन के पलटने से एक पुलिसकर्मी की जान चली गई। यह दर्दनाक हादसा कन्नौज जिले के सिकंदरपुर कट के पास किलोमीटर 145 पर हुआ, जिसने पुलिस महकमे में शोक की लहर पैदा कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व सांसद सुब्रत पाठक इटावा के सैफई में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे और वहां से वापस कन्नौज लौट रहे थे। इसी दौरान उनके काफिले में चल रही स्कॉर्पियो गाड़ी, जो एस्कॉर्ट वाहन के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी, अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार के कारण गाड़ी डिवाइडर से टकराई और सड़क पर पलट गई।
हादसे में कई पुलिसकर्मी घायल
इस भीषण टक्कर का असर इतना जोरदार था कि वाहन में सवार हेड कांस्टेबल अभिषेक त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कांस्टेबल कुंवर पाल और ड्राइवर शरद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि एक अन्य पुलिस अधिकारी भी इस दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे कर्मियों और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आनन-फानन में बचाव कार्य शुरू किया गया और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि आखिर किन परिस्थितियों में गाड़ी अनियंत्रित हुई और यह हादसा हुआ।