फिरोजाबाद: इंटरनेट कैफे में पत्नी को साथी के साथ देख पति ने मारी गोलियां, हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक शख्स ने अपनी पत्नी और उसके कथित साथी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। यह खौफनाक घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे कोटला चुंगी चौराहे पर स्थित एक इंटरनेट कैफे के अंदर और बाहर हुई। आरोपी ऋषभ तैलंग उर्फ बंटी ने अपनी अलग रह रही पत्नी शिप्रा और उसके साथी सनी उर्फ शिवा ठाकुर को एक साथ देख अपना आपा खो दिया और उन पर हमला कर दिया।
बेटे ने रोकने की कोशिश की, फिर भी पिता ने चलाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, बंटी और शिप्रा के बीच पहले से अनबन चल रही थी और वे अलग रह रहे थे। जब बंटी ने शिप्रा को सनी के साथ इंटरनेट कैफे में देखा, तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। गुस्से में पागल बंटी दुकान से बाहर निकला और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली। उसने सबसे पहले सनी पर गोली चलाई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद जब शिप्रा वहां से भागने की कोशिश करने लगी, तो बंटी ने उसका पीछा किया और उस पर भी फायरिंग जारी रखी।
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे बंटी के बेटे ने शूट किया था। वीडियो में देखा जा सकता है कि बेटा अपने पिता को गोली चलाने से रोकने की कोशिश कर रहा है, लेकिन वह नाकाम रहा। इस अचानक हुए हमले से इलाके में भगदड़ मच गई और आसपास के दुकानदारों ने डर के मारे अपनी दुकानें बंद कर लीं।
इस हमले में शिप्रा के बाएं कंधे, पेट और पसलियों में चार गोलियां लगीं, जबकि एक गोली उसके हाथ को छूकर निकल गई। वहीं सनी की छाती और पसलियों के नीचे दो गोलियां लगीं। दोनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सनी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के आने से पहले ही वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने आरोपी ऋषभ तैलंग को पकड़ लिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर व जिंदा कारतूस बरामद कर लिए हैं।