फेसबुक पर दोस्ती और फिर 5 लाख की वसूली, दोबारा पैसे मांगने पर महिला पर मुकदमा
अंबेडकरनगर में फेसबुक पर दोस्ती कर युवक से 5 लाख रुपये ठगने और दोबारा मांग करने पर महिला के खिलाफ कोर्ट के आदेश से मुकदमा दर्ज हुआ।

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती और फिर ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक ने आरोप लगाया है कि फेसबुक पर जान-पहचान बढ़ाने वाली एक महिला ने उसे यौन शोषण और छेड़खानी के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये वसूल लिए। हद तो तब हो गई जब इतनी बड़ी रकम लेने के बाद महिला ने दोबारा पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी, जिसके बाद पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
पूरा मामला कटका थाना क्षेत्र के पाभीपुर दिनकरपुर पिंडोरिया गांव का है। यहाँ के निवासी विशाल यादव की फेसबुक के जरिए अयोध्या की रहने वाली रागिनी निषाद से दोस्ती हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने न केवल विशाल से नजदीकियां बढ़ाईं, बल्कि धीरे-धीरे उसके परिवार के बारे में भी सारी जानकारियां जुटा लीं।
शादी की धमकी और लाखों की ठगी
पीड़ित विशाल के अनुसार, जब मई के महीने में उसकी शादी तय हुई, तो रागिनी ने उसे फोन कर पांच लाख रुपये की मांग की और धमकी दी कि अगर पैसे नहीं मिले तो वह उसकी शादी में बाधा डालेगी। मामला तब और बिगड़ गया जब जून में बरीक्षा कार्यक्रम के बाद महिला ने अयोध्या कोतवाली में विशाल के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी।
विशाल का आरोप है कि 4 जुलाई को आरोपी महिला अपने कुछ साथियों के साथ उसके घर पहुंची और पूरे परिवार को गंभीर मुकदमों में फंसाने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की। बदनामी और कानूनी पचड़ों के डर से घबराकर विशाल ने महिला के खाते में साढ़े तीन लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और डेढ़ लाख रुपये नकद दिए।
पैसे मिलने के बावजूद महिला की लालच कम नहीं हुई और उसने फिर से पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। परेशान होकर विशाल ने पहले पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन जब वहां से कोई मदद नहीं मिली, तो उसने न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई। अब अदालत के आदेश के बाद कटका पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ जबरन वसूली और घर में घुसकर धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अक्षय पटेल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।