इटावा: पिकअप की टक्कर से धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, पशुपालक की दर्दनाक मौत
आगरा-कानपुर हाईवे पर पिकअप की टक्कर से धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, हादसे में पशुपालक नफीस अहमद की मौके पर ही मौत।

आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक 60 वर्षीय पशुपालक की जान चली गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब धान से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
जानकारी के मुताबिक, बसरेहर थाना क्षेत्र के किल्ली सुल्तानपुर गांव के निवासी नफीस अहमद (पुत्र शब्बीर हसन) बसरेहर में पशुपालक के तौर पर काम करते थे। वह अपने चचेरे भाई तौफीक के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान लादकर बेचने जा रहे थे। पहले वे इटावा की मंडियों में पहुंचे, लेकिन वहां मंडियां बंद मिलने के कारण उन्होंने जसवंतनगर मंडी जाने का फैसला किया।
तेज रफ्तार पिकअप ने ली जान
जब वे नेशनल हाईवे से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि धान से भरी भारी-भरकम ट्रॉली पलट गई और नफीस अहमद उसके नीचे दब गए। हादसे में नफीस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी की जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार और गांव में मातम का माहौल है।