इटावा: भतीजे की अर्थी उठने के अगले ही दिन चाचा ने भी तोड़ा दम, 4 बच्चे हुए अनाथ
इटावा के जसवंतनगर में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से मातम। चार मासूम बच्चे हुए अनाथ, गरीबी और बीमारी ने उजाड़ा घर।

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जसवंतनगर के जैनपुर नागर गांव में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शुक्रवार को जिस घर में भतीजे की मौत पर मातम था, शनिवार की सुबह वहां चाचा की मौत की खबर ने सबको सन्न कर दिया। महज 24 घंटे के भीतर हुई इन दो मौतों ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को अनिल कुमार उर्फ 'टिल्लू' का निधन हो गया। अनिल की जिंदगी पिछले कुछ समय से दुखों का केंद्र बनी हुई थी। करीब एक साल पहले उनकी पत्नी का निधन हुआ और कुछ महीने पहले ही उनकी मां भी उन्हें छोड़कर चली गईं। अपनों को खोने के गम और आर्थिक तंगी ने अनिल को तोड़ दिया था, जिसके चलते वे शराब के आदी हो गए। इसी बीच उन्हें कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी ने घेर लिया और इलाज के अभाव में शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
शोक में डूबे चाचा ने भी ली जान, अब बच्चों का भविष्य अंधकार में
भतीजे अनिल की मौत का सदमा उनके चाचा ब्रह्मानंद बर्दाश्त नहीं कर पाए। बताया जा रहा है कि गम में डूबे ब्रह्मानंद ने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल (मोतीझील, इटावा) ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दोहरी त्रासदी ने चार मासूम बच्चों को सड़क पर ला खड़ा किया है। अनिल कुमार मजदूरी कर अपने बच्चों का पेट पालते थे। अब 8 से 18 वर्ष की उम्र के ये चार बच्चे पूरी तरह अनाथ हो चुके हैं। इनके सिर से माता, पिता और दादी, तीनों का साया उठ चुका है। परिवार के पास न तो खेती की जमीन है और न ही आय का कोई दूसरा जरिया, जिससे इन बच्चों के सामने अब रोटी और भविष्य का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
गांव में इस घटना के बाद से सन्नाटा पसरा है। लोग इस बात से हैरान हैं कि कैसे गरीबी और नशे की लत ने एक पूरे परिवार को खत्म कर दिया। वर्तमान में ग्रामीणों और स्थानीय समाजसेवियों से अपील की जा रही है कि वे इन बेसहारा बच्चों की मदद के लिए आगे आएं ताकि उनका भविष्य संवर सके।