इटावा: मोबाइल में AI एडिट फोटो देख पत्नी का पारा चढ़ा, अस्पताल के अल्ट्रासाउंड रूम में पति की धुनाई
इटावा में AI से एडिट की गई फोटो देख पत्नी का गुस्सा फूटा, अस्पताल के अल्ट्रासाउंड रूम में घुसकर पति की जमकर धुनाई कर दी।

उत्तर प्रदेश के इटावा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति को AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की तकनीक भारी पड़ गई। मोबाइल में एक महिला सहकर्मी के साथ अपनी एडिट की हुई फोटो देखकर पत्नी इतनी आगबबूला हुई कि उसने सीधे पति के कार्यस्थल पर धावा बोल दिया और अस्पताल के अंदर ही उसकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना शुक्रवार सुबह की है। पीड़ित अंकित दिवाकर शहर के एक निजी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड असिस्टेंट के तौर पर काम करते हैं। अंकित का आरोप है कि वह जब काम कर रहे होते हैं, तो उनका मोबाइल अन्य स्टाफ सदस्यों के पास रहता है। इसी दौरान किसी स्टाफकर्मी ने शरारत में AI के जरिए अंकित और उनकी एक महिला सहकर्मी की एडिटेड फोटो बना दी थी। जब पत्नी ने मोबाइल में यह तस्वीर देखी, तो वह आपे से बाहर हो गईं।
अल्ट्रासाउंड रूम बना अखाड़ा, चेहरे पर आईं चोटें
अंकित के मुताबिक, उन्होंने अपनी पत्नी को समझाने की कोशिश की कि यह फोटो असली नहीं है और इसे AI से बनाया गया है, लेकिन पत्नी ने उनकी एक बात नहीं सुनी। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे पत्नी अचानक अस्पताल पहुंचीं और सीधे अल्ट्रासाउंड रूम में घुसकर अंकित के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस मारपीट में अंकित के चेहरे, हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों पर काफी चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती होना पड़ा।
पीड़ित का कहना है कि उनकी शादी छह साल पहले हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं। अंकित ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों से उनकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग उनके साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे। इससे पहले भी उन्होंने कोतवाली पुलिस में शिकायत की थी, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया था, लेकिन उसके बाद पत्नी तलाक की मांग करने लगीं।
हैरानी की बात यह है कि अंकित ने दोबारा पुलिस के पास न जाने का कारण अपने साले का राजनीतिक रसूख बताया। उनका दावा है कि रसूख के चलते पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही है, इसलिए वह सीधे अस्पताल पहुंचे। फिलहाल इस पूरे मामले में पत्नी का पक्ष सामने नहीं आया है।