बिजनौर की दिव्या पाल ने यूपी स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता गोल्ड मेडल

बिजनौर की दिव्या पाल ने यूपी स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता गोल्ड मेडल

बिजनौर जिले की बेटी दिव्या पाल ने अपनी रफ्तार और मेहनत के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दिव्या पाल गोल्ड मेडल जीतकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने बरेली के एमजेपी रोहिलखंड यूनिवर्सिटी में आयोजित छठी उत्तर प्रदेश स्टेट अंडर-23 और सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में यह शानदार जीत दर्ज की है।

26 और 27 सितंबर को आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य भर से करीब 800 महिला और पुरुष एथलीटों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबले के बीच दिव्या पाल ने 5 किलोमीटर की दौड़ में अपनी बादशाहत साबित की और पहले स्थान पर रहकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस जीत ने यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों और कड़ी मेहनत की जाए, तो कोई भी लक्ष्य पाना नामुमकिन नहीं है।

सफलता का श्रेय और गांव में जश्न

नगीना तहसील के धर्मुवाला गांव की रहने वाली दिव्या ने अपनी इस कामयाबी का पूरा श्रेय अपने माता-पिता, अशोक कुमार और माला देवी के आशीर्वाद और प्रेरणा को दिया है। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता के समर्थन के बिना यह सफर इतना आसान नहीं होता। साथ ही, दिव्या ने अपने कोच दुष्यंत सिंह और ओमराज सिंह का भी आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन और कठिन प्रशिक्षण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया।

जैसे ही दिव्या की जीत की खबर उनके गांव धर्मुवाला पहुँची, वहाँ खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में शुभचिंतक और ग्रामीण उनके घर पहुँचकर उन्हें बधाई दे रहे हैं। स्थानीय युवाओं के लिए दिव्या की यह जीत एक बड़ी प्रेरणा बन गई है और पूरे क्षेत्र में इस उपलब्धि को लेकर जश्न का माहौल है।

Share:

Comments

Leave a comment