आगरा: ताज महल पहुंचे दिलजीत दोसांझ, अपने अनोखे अंदाज में शेयर किया वीडियो
पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ आगरा के ताज महल पहुंचे। अपने इंडिया ऑरा टूर से पहले उन्होंने दुनिया के इस अजूबे की खूबसूरती का लुत्फ उठाया।

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के ग्लोबल स्टार और मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने 'इंडिया ऑरा टूर' की तैयारियों में जुटे हैं। इसी बीच मंगलवार को उन्होंने उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित दुनिया के सात अजूबों में से एक, ताज महल का सरप्राइज विजिट किया। दिलजीत ने इस यादगार यात्रा की झलकियां एक प्यारे से वीडियो के जरिए अपने फैंस के साथ साझा की हैं।
ताज महल की खूबसूरती के बीच दिलजीत का अंदाज हमेशा की तरह कूल और हटके नजर आया। उन्होंने ग्रे रंग की टी-शर्ट के साथ लाल जैकेट, बैगी ब्लू जींस और अपनी सिग्नेचर सफेद पगड़ी पहनी हुई थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह ताज महल के अलग-अलग आइकोनिक स्पॉट्स पर पोज दे रहे हैं और वहां मौजूद अपने फैंस को खुशी-खुशी हाथ हिलाकर अभिवादन कर रहे हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, "वाह ताज बोलिये #wondersoftheworld AURA INDIA TOUR 2026"।
दिल्ली कंसर्ट को लेकर हुआ विवाद, अब मिली मंजूरी
ताज महल की इस यात्रा के बाद अब दिलजीत 30 अक्टूबर को दिल्ली में परफॉर्म करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, इस शो को लेकर पिछले कुछ दिनों से काफी गहमागहमी रही। खबरों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों, कम समय की सूचना और त्योहारी सीजन में कानून-व्यवस्था की चुनौतियों का हवाला देते हुए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में इस कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।
लेकिन यह विवाद ज्यादा लंबा नहीं चला। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों और आयोजकों के बीच कई दौर की बैठकें हुईं, जिसमें सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों का विस्तृत प्लान पेश किया गया। इसके बाद पुलिस ने कंसर्ट के लिए अपनी मंजूरी दे दी है। टिकटिंग पार्टनर BookMyShow ने भी स्पष्ट किया कि शो रद्द होने की खबरें गलत थीं, केवल अनुमति अस्थायी रूप से रोकी गई थी ताकि अतिरिक्त सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट सुनिश्चित किया जा सके।
दिल्ली के बाद दिलजीत का यह टूर इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ जैसे शहरों में जाएगा। इसके अलावा चंडीगढ़ में भी शो होगा, जिसकी जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी।