प्रेमानंद महाराज पर लगे आरोपों पर भड़का धर्म रक्षा संघ, सबूत पेश करने की दी चुनौती

प्रेमानंद महाराज पर लगे आरोपों पर भड़का धर्म रक्षा संघ, सबूत पेश करने की दी चुनौती

वृंदावन के विख्यात संत प्रेमानंद महाराज को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से जो वित्तीय अनियमितता के दावे किए जा रहे हैं, उस पर अब धर्म रक्षा संघ ने कड़ा ऐतराज जताया है। संघ ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए उन लोगों को चुनौती दी है जो महाराज जी पर क्रिकेटर विराट कोहली को मोटी रकम देने का आरोप लगा रहे हैं।

मामला तब गरमाया जब यह दावा किया गया कि संत प्रेमानंद महाराज ने विराट कोहली को प्रचार के लिए 5 करोड़ रुपये दिए। इस पर धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ गौर ने एक औपचारिक बयान जारी कर इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर बताया है। संघ का कहना है कि बिना किसी ठोस आधार के एक सम्मानित संत की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

सबूत पेश करें या चुप रहें: धर्म रक्षा संघ

सौरभ गौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि किसी के पास भी इस कथित 5 करोड़ रुपये के भुगतान के बैंक रिकॉर्ड, कॉन्ट्रैक्ट या कोई अन्य विश्वसनीय दस्तावेज हैं, तो उन्हें तुरंत सार्वजनिक किया जाए और जांच एजेंसियों को सौंपा जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल हवा-हवाई बातों के आधार पर ऐसे आरोप लगाना गलत है।

संघ ने यह भी याद दिलाया कि विराट कोहली के प्रतिनिधियों ने पहले ही इन दावों को पूरी तरह गलत और आधारहीन करार दिया है। कोहली की टीम ने स्पष्ट किया है कि क्रिकेटर केवल अपनी व्यक्तिगत आस्था और श्रद्धा के कारण महाराज जी के दर्शन करने आते हैं, न कि किसी व्यावसायिक सौदे के तहत।

धर्म रक्षा संघ के अनुसार, प्रेमानंद महाराज का व्यक्तित्व उनकी आध्यात्मिक साधना, सादगी और श्री राधा के प्रति अटूट भक्ति से परिभाषित होता है, न कि किसी सेलिब्रिटी के साथ उनके संबंधों से। संघ ने चेतावनी दी है कि इस तरह के निराधार आरोप ब्रज और वृंदावन की संत परंपरा की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं। संघ ने प्रतिबद्धता जताई है कि वह ब्रज के संतों के सम्मान की रक्षा के लिए खड़ा रहेगा और किसी भी आरोप की चर्चा केवल सत्यापित तथ्यों के आधार पर ही होनी चाहिए।

Share:

Comments

Leave a comment