राज्यसभा सदस्य बने धनराज नथवानी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव का जताया आभार

समाजवादी पार्टी के जरिए राज्यसभा में एंट्री करने वाले उद्योगपति धनराज नथवानी ने अपना प्रमाण पत्र मिलने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव का शुक्रिया अदा किया है। धनराज नथवानी ने इस मौके पर कहा कि वह अखिलेश यादव के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश की प्रगति और विकास में अपना पूरा योगदान देंगे।
बता दें कि धनराज नथवानी ने 30 सितंबर को लखनऊ में अखिलेश यादव की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया था। सार्वजनिक जीवन के इस नए अध्याय की शुरुआत करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने लिखा कि वह माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी के हृदय से आभारी हैं, जिन्होंने उन पर भरोसा जताया और उन्हें उत्तर प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में नामित किया।
कौन हैं धनराज नथवानी?
धनराज नथवानी केवल राजनीति में ही नहीं, बल्कि उद्योग और खेल जगत में भी एक बड़ा नाम हैं। वह रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड के डायरेक्टर और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। एक कुशल रणनीतिकार के रूप में उनकी पहचान है और वह मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिफेंस और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में सक्रिय हैं।
वह रिलायंस कॉर्पोरेट आईटी पार्क लिमिटेड के बोर्ड सदस्य हैं और जामनगर मैन्युफैक्चरिंग डिवीजनों के साथ-साथ गुजरात में रिलायंस जियो की रणनीतिक जिम्मेदारियां भी संभालते हैं। इसके अलावा, वह कई शैक्षणिक और पर्यावरण संस्थानों से भी जुड़े रहे हैं, जिनमें पंडित दीनदयाल एनर्जी यूनिवर्सिटी और गुजरात स्टेट बोर्ड फॉर वाइल्डलाइफ शामिल हैं। खेल के क्षेत्र में उन्होंने जमीनी स्तर पर क्रिकेट के विकास और गवर्नेंस के लिए काम किया है।