देवरिया: बेलपर रेलवे गेट पर बनेगा 126 करोड़ का ओवरब्रिज, खत्म होगा ट्रैफिक जाम का झंझट
देवरिया के बेलपर रेलवे गेट पर 126 करोड़ की लागत से टू-लेन रेल ओवरब्रिज बनेगा, जिससे गोरखपुर और वाराणसी का रास्ता होगा आसान।

देवरिया के लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर आई है। लंबे समय से बेलपर रेलवे गेट पर लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने यहाँ टू-लेन रेल ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण को मंजूरी दे दी है। भटपर रानी और भटनी रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित लेवल क्रॉसिंग नंबर 112-A पर बनने वाला यह पुल क्षेत्र की कनेक्टिविटी को पूरी तरह बदल देगा।
इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 126 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सरकार ने इसकी शुरुआत के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 26.17 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी करने की मंजूरी दे दी है। यह पुल न केवल स्थानीय लोगों के लिए वरदान साबित होगा, बल्कि बड़े शहरों की ओर जाने वाले सफर को भी सुगम बनाएगा।
1200 मीटर लंबा होगा पुल, इन शहरों का सफर होगा आसान
इंजीनियरिंग की बात करें तो यह ओवरब्रिज T-शेप में होगा और इसकी कुल लंबाई 1,200 मीटर होगी। पुल की कुल चौड़ाई 8.50 मीटर रखी गई है, जिसमें 7.50 मीटर चौड़ा टू-लेन रास्ता होगा। यह ब्रिज उत्तर दिशा में भिंगरी बाजार और दक्षिण दिशा में सलेमपुर रोड व स्थानीय रेलवे स्टेशन को जोड़ेगा।
इस ओवरब्रिज के बन जाने से गोरखपुर, वाराणसी, आजमगढ़ और मऊ जैसे प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को अब रेलवे गेट पर घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वर्तमान में यहाँ ट्रैफिक का दबाव बहुत अधिक है और रोजाना 125 से ज्यादा ट्रेनों के गुजरने के कारण गेट बार-बार बंद रहता है, जिससे भटपर रानी और आसपास के गांवों के लोग काफी परेशान रहते थे। आंकड़ों के मुताबिक, यहाँ ट्रैफिक वॉल्यूम यूनिट (TVU) 1,82,186 तक पहुँच गया है, जो इस पुल की सख्त जरूरत को दर्शाता है।
बता दें कि इस स्थायी समाधान से पहले प्रशासन ने हल्के वाहनों के लिए लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) बनाने पर भी विचार किया था ताकि लोगों को अंतरिम राहत मिल सके, लेकिन अब बड़े स्तर पर ओवरब्रिज के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।