उत्तराखंड विवाद के बाद दलेर मेहंदी ने तोड़ी चुप्पी, भावुक होकर कहा- 'जो अनुभव किया उसने मुझे छू लिया'
उत्तराखंड कॉन्सर्ट विवाद के बाद दलेर मेहंदी ने सोशल मीडिया पर अपनी चुप्पी तोड़ी और फैंस व परिवार का आभार जताया।

मशहूर सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों अपने उत्तराखंड कॉन्सर्ट को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। काफी समय तक खामोश रहने के बाद, अब दलेर मेहंदी ने इस पूरे विवाद पर अपनी पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है। दिवाली के मौके पर एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने इस मुश्किल घड़ी में उनका साथ दिया।
दलेर मेहंदी ने अपने पोस्ट में लिखा कि पिछले कुछ समय में उन्हें जो प्यार और समर्थन मिला है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने कहा, "सालों से मुझे अपने संगीत के जरिए बहुत प्यार मिला है, लेकिन हाल ही में मैंने जो अनुभव किया, उसने मुझे अंदर तक छू लिया है। जिस तरह से आप लोग मेरे साथ खड़े रहे, मेरे लिए बोले और मुझ पर भरोसा जताया, उसके लिए मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा।"
परिवार और मीका सिंह का जताया आभार
अपनी भावुक पोस्ट में दलेर ने अपने परिवार को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने विशेष रूप से अपने भाई और सिंगर मीका सिंह का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने इस विवाद के दौरान एक ढाल बनकर उनका बचाव किया। इसके अलावा, उन्होंने संगीत जगत के साथियों और देश के कोने-कोने से संदेश भेजने वाले प्रशंसकों को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें अपने जीवनकाल में ही इतना सम्मान और प्यार मिल रहा है।
आपको बता दें कि यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब नरेंद्र नगर (नई टिहरी) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी की गायकी पर सवाल उठाए थे। एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें मंत्री उन्हें टोकते हुए कह रहे थे कि उन्हें दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए बुलाया गया है और उन्हें अपनी साख का सम्मान करना चाहिए।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह आरोप भी लगे कि गायक नशे में थे, हालांकि मीका सिंह ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया था। मीका ने स्पष्ट किया था कि दलेर मेहंदी पिछले दो साल से बीमार चल रहे हैं और अभी रिकवरी कर रहे हैं, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दलेर शराब का सेवन नहीं करते हैं। वहीं, मंत्री सुबोध उनियाल ने दावा किया था कि उन्हें लगा कि गायक लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक कर रहे थे।