चुनाव आयोग पर 'वोट चोरी' का आरोप, लखनऊ में कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा यात्रा

कांग्रेस सांसदों ने चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाया और 26 नवंबर को लखनऊ में 'संविधान रक्षा यात्रा' निकालने का ऐलान किया है।

Shubham Singh21 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
चुनाव आयोग पर 'वोट चोरी' का आरोप, लखनऊ में कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा यात्रा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस ने लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों को बचाने के लिए बिगुल फूंक दिया है। नेहरू भवन स्थित प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस सांसदों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और आगामी 26 नवंबर को लखनऊ की सड़कों पर संविधान रक्षा यात्रा निकालने का ऐलान किया है।

सांसद उज्ज्वल रमन सिंह ने चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोलते हुए 'वोट चोरी' का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। सिंह ने दिसंबर 2023 के उस कानून पर कड़ी आपत्ति जताई, जिसमें चुनाव आयुक्तों की चयन समिति से भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को हटाकर एक केंद्रीय मंत्री को शामिल किया गया। उनका तर्क है कि इस बदलाव से चुनाव आयोग की स्वायत्तता पूरी तरह खत्म हो गई है और वह अब स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रहा है।

आंकड़ों का हवाला देते हुए सांसद ने दावा किया कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन की प्रक्रिया के दौरान तीन चरणों में करीब 13.39 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने वोटर लिस्ट के मैनेजमेंट और आयोग में नियुक्तियों की पारदर्शिता पर बड़े सवाल खड़े किए हैं।

संविधान दिवस पर होगा बड़ा प्रदर्शन

वहीं, सांसद तनुज पुनिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि देश का लोकतांत्रिक ढांचा और संविधान इस समय बड़े खतरे में है। इन परिस्थितियों के विरोध में और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी ने 26 नवंबर को 'संविधान दिवस' के अवसर पर इस यात्रा का आयोजन करने का निर्णय लिया है।

यात्रा की रूपरेखा के बारे में बताते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि यह मार्च नेहरू भवन से शुरू होगा, जहां गांधी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद यह जुलूस एनेक्सी भवन क्षेत्र से होते हुए हजरतगंज स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा पर जाकर समाप्त होगा।

Share:

Comments

Leave a comment