मेरठ में पहली बार होगी मेगा पूर्व सैनिक रैली, 14 नवंबर को संबोधित करेंगे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 नवंबर को मेरठ में पहली मेगा पूर्व सैनिक रैली में शामिल होंगे, जहां वीर नारियों का सम्मान और समस्याओं का समाधान होगा।

Shubham Singh12 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
मेरठ में पहली बार होगी मेगा पूर्व सैनिक रैली, 14 नवंबर को संबोधित करेंगे सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 नवंबर को मेरठ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह मेरठ छावनी के कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाली एक विशाल पूर्व सैनिक रैली में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। सेना के वेस्टर्न यूपी सब एरिया द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। खास बात यह है कि उत्तर प्रदेश में पूर्व सैनिकों के लिए इस तरह की पहली मेगा रैली का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर प्रशासन और पूर्व सैनिकों में काफी उत्साह है।

इस रैली में मेरठ के अलावा बागपत, मुजफ्फरनगर और बिजनौर जिलों से करीब 3,500 से अधिक पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके आश्रित परिवार सदस्य शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर उन वीर नारियों को सम्मानित करेंगे, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने सुहाग का बलिदान दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों को एक ऐसा मंच देना है जहां उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो सके।

पेंशन और बैंकिंग समस्याओं का होगा ऑन-द-स्पॉट समाधान

इस रैली को एक 'सिंगल विंडो' प्लेटफॉर्म के तौर पर तैयार किया गया है। यहां पेंशन, बैंकिंग, चिकित्सा सुविधाओं, कैंटीन और रोजगार से जुड़ी शिकायतों को दूर करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मौके पर आर्मी रिकॉर्ड ऑफिस, पेंशन विभाग, बैंक और जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, ताकि दिग्गजों की समस्याओं को तुरंत सुलझाया जा सके।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है। वीआईपी रूटों की मरम्मत कराई गई है और साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

रैली के अलावा, मुख्यमंत्री मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के आवास पर जाकर उनके पिता के निधन पर शोक व्यक्त कर सकते हैं। इसके साथ ही, माधव कुंज मैदान में मेधावी छात्रों को मुफ्त टैबलेट और स्मार्टफोन बांटने तथा कुछ विकास परियोजनाओं के उद्घाटन की संभावना भी जताई जा रही है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

Share:

Comments

Leave a comment