गोरखपुर में सीएम योगी का बड़ा धमाका: 17,650 करोड़ का निवेश और 104 विकास परियोजनाओं की सौगात
सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया और 17,650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमओयू साइन किए।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गृह जनपद गोरखपुर के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने न केवल आध्यात्मिक शांति और जनसेवा को प्राथमिकता दी, बल्कि शहर के औद्योगिक भविष्य को नई उड़ान देने के लिए बड़े निवेश समझौतों पर भी मुहर लगाई। सीएम योगी ने गोरखपुर के विकास को गति देने के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है।
अपने दिन की शुरुआत मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना और अपने गुरु महंत अवैद्यनाथ की समाधि पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर की। इसके बाद उन्होंने 'जनता दर्शन' कार्यक्रम के जरिए आम लोगों से सीधा संवाद किया। मंदिर परिसर में पहुंचे करीब 150 लोगों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। सीएम योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निपटारा जल्द से जल्द किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को इलाज के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
औद्योगिक विकास को मिला नया बूस्ट
जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) के 37वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने औद्योगिक प्रदर्शनी-सह-व्यापार मेले और बायर-सेलर मीट का उद्घाटन किया। औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाते हुए, पांच कंपनियों के साथ कुल 17,650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के लिए समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान किया गया।
इन निवेशों का मुख्य केंद्र ग्रीन एनर्जी, फार्मास्यूटिकल्स, मेटल प्रोसेसिंग, डिस्टिलरी और फिश फीड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्र होंगे। इसमें सबसे बड़ा निवेश ACME कंपनी द्वारा किया जा रहा है, जिसने ग्रीन अमोनिया प्रोजेक्ट के लिए 16,000 करोड़ रुपये लगाने की प्रतिबद्धता जताई है।
इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ने GIDA और धुरियापार औद्योगिक टाउनशिप में 502 करोड़ रुपये की लागत वाली 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इन प्रोजेक्ट्स का मुख्य उद्देश्य सड़कों के जाल को बेहतर बनाना, बिजली सुविधाओं का विस्तार करना और औद्योगिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। GIDA के सीईओ विशाल कुमार के अनुसार, इस आयोजन में जापान, नेपाल, ऑस्ट्रिया, वियतनाम और श्रीलंका जैसे देशों की अंतरराष्ट्रीय भागीदारी भी देखी जा रही है। मुख्यमंत्री का यह दौरा 1 दिसंबर को समाप्त होगा।