गोरखपुर में सीएम योगी का बड़ा धमाका: 502 करोड़ की परियोजनाओं का आगाज, 17,650 करोड़ के निवेश पर लगी मुहर
सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में 502 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया और 17,650 करोड़ के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गृह जनपद गोरखपुर को विकास की एक नई रफ्तार दी है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) के 37वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने 502 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 104 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इतना ही नहीं, क्षेत्र में औद्योगिक माहौल को मजबूत करने के लिए पांच बड़ी कंपनियों के साथ 17,650 करोड़ रुपये के निवेश समझौतों (MoUs) पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर विश्वास जताया कि इन नई परियोजनाओं से पूर्वी उत्तर प्रदेश में औद्योगिक सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि इससे न केवल निवेश बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और नए उद्यमियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। सीएम योगी ने इसे 'विकसित गोरखपुर-विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
पुराने संघर्षों को याद कर सपा पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक और आक्रामक नजर आए। उन्होंने साल 2004-05 के उन दिनों को याद किया जब वह सांसद थे और तत्कालीन समाजवादी पार्टी की सरकार थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय GIDA में कोई उद्योग नहीं थे और सपा सरकार ने जबरन इस जमीन पर बूचड़खाना (slaughterhouse) बनाने की कोशिश की थी।
"मैंने सहजनवा के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उस बूचड़खाने के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। हमने साफ कह दिया था कि गोरखपुर बूचड़खाना स्वीकार नहीं करेगा। मैंने तब कहा था कि अगर इस क्षेत्र का विकास सैफई भेजा जा रहा है, तो अपना बूचड़खाना भी वहीं ले जाइए, गोरखपुर अपना विकास खुद कर लेगा।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लड़ाई कई दिनों तक चली और अंततः जनता की जीत हुई। उन्होंने जोर देकर कहा कि गोरखपुर ने अपना विकास पथ खुद चुना है और आज जो निवेश और परियोजनाएं आ रही हैं, वह उसी दृढ़ संकल्प का परिणाम हैं।