दीपावली से पहले गोरखपुर को बड़ी सौगात, सीएम योगी करेंगे 1663 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दीपावली से पहले गोरखपुर में 1663 करोड़ रुपये की 88 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दीपावली के त्योहार से पहले अपने गृह जनपद गोरखपुर को एक बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं। 1 नवंबर को मुख्यमंत्री शहर और आसपास के इलाकों के लिए लगभग 1663 करोड़ रुपये की लागत वाली 88 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन प्रोजेक्ट्स का मुख्य उद्देश्य सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना, शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और बाढ़ प्रबंधन जैसी गंभीर समस्याओं का समाधान करना है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों की शुरुआत चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र से होगी। यहाँ वे करीब 287.56 करोड़ रुपये की लागत वाली 84 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिनमें मुख्य रूप से बाढ़ सुरक्षा और सड़कों का निर्माण शामिल है। इसी क्रम में भोपा बाजार में 59.44 करोड़ रुपये की लागत से बने रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का उद्घाटन भी किया जाएगा। यह पुल गोरखपुर-भटनी रेल खंड के लेवल क्रॉसिंग नंबर 147B पर बनाया गया है, जिससे स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और छात्रों को लंबे समय से हो रही ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। करीब 650 मीटर लंबा यह पुल न केवल समय बचाएगा बल्कि ईंधन की खपत को भी कम करेगा। खास बात यह है कि इस पुल पर 4 फरवरी 1922 की ऐतिहासिक चौरी चौरा घटना को कलात्मक रूप से उकेरा गया है।
जलभराव और सीवरेज सिस्टम में होगा बड़ा सुधार
गोरखपुर शहर की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक जलभराव और सीवरेज मैनेजमेंट को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री गोधोइया नाला परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही, परियोजना के दूसरे चरण का शिलान्यास भी किया जाएगा, जिसमें एक पैरेलल रोड और गोरखपुर सीवरेज स्कीम जोन A-3 का निर्माण शामिल है। इन बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के पूरा होने से शहर के ड्रेनेज सिस्टम में सुधार होगा और मानसून के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।