पीलीभीत: श्री राम कथा के समापन समारोह में शामिल हो सकते हैं सीएम योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीलीभीत दौरा कर सकते हैं। मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को जिले के बिसलपुर विधानसभा क्षेत्र के नेउरनपुर मढ़ी स्थित गोरक्षपीठ आश्रम में आयोजित श्री राम कथा के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री के शामिल होने की प्रबल संभावना है। हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय से अभी तक आधिकारिक कार्यक्रम और प्रोटोकॉल की विस्तृत जानकारी नहीं मिली है, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने पूरी तैयारी शुरू कर दी है।
महंत योगी हनुमान नाथ के संरक्षण में आयोजित यह श्री राम कथा 26 अक्टूबर से शुरू हुई है, जिसका समापन 3 नवंबर को होना है। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे डीएम और एसपी
मुख्यमंत्री के दौरे की संभावनाओं के बीच पीलीभीत के जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने आयोजन स्थल का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने न केवल कार्यक्रम स्थल को देखा, बल्कि वहां पहुंचने वाले रास्तों और आगंतुकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पहुंच मार्ग को सुगम बनाने के लिए दो छोटे पुलों का निर्माण किया जाए और करीब 800 मीटर ईंटों का पक्का रास्ता तैयार किया जाए।
प्रशासन ने आश्रम परिसर में स्वच्छता, पीने के पानी की समुचित व्यवस्था और शौचालयों के रखरखाव पर विशेष जोर दिया है। बिसलपुर के भाजपा विधायक विवेक वर्मा ने भी मुख्यमंत्री के आने की पुष्टि की है, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक किसी सार्वजनिक रैली को लेकर कोई आधिकारिक निर्देश नहीं मिले हैं। इसके अलावा, एमएलसी सुधीर गुप्ता ने भी नेउरनपुर मढ़ी पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया।