चंदौली: घर में घुसे चोरों ने लाखों के जेवर उड़ाए, रोकने गए बीमार किशोर को पीटा
चंदौली के इतवा गांव में चोरों ने लाखों के गहने उड़ाए और रोकने की कोशिश करने वाले बीमार किशोर को बेरहमी से पीटा।

उत्तर प्रदेश के चंदौली चोरी की वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। बलुआ थाना क्षेत्र के इतवा गांव में शुक्रवार की रात बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाया और लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। इस दौरान जब घर के एक बीमार किशोर ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो लुटेरों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे घायल कर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना मुन्ना प्रजापति के घर की है। चोर छत के रास्ते घर के भीतर दाखिल हुए थे। उन्होंने घर से करीब दो से तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और 12,000 रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात के समय घर में मौजूद एक 17 वर्षीय किशोर, जो बीमारी की वजह से सो रहा था, शोर सुनकर जाग गया। जैसे ही उसने चोरों का विरोध करना चाहा, हमलावरों ने उसके चेहरे पर कोई अज्ञात पदार्थ छिड़क दिया और उसके सिर व पीठ पर जोरदार प्रहार किए।
पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों में आक्रोश
हमले के बाद चोर फिर से छत के रास्ते ही भाग निकले। पीड़ित मुन्ना प्रजापति और राजकुमार प्रजापति ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद से गांव वालों में भारी गुस्सा और डर का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों को रोका जा सके और दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।