चंदौली: उधार गुटखा देने से किया मना तो दुकानदार पर फावड़े से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

चंदौली में उधार गुटखा देने से मना करने पर दुकानदार पर जानलेवा हमला हुआ। पुलिस ने आरोपी रणविजय को गिरफ्तार कर लिया है।

Sushant Singh23 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
चंदौली: उधार गुटखा देने से किया मना तो दुकानदार पर फावड़े से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां महज कुछ रुपयों के उधार गुटखे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोपियों ने न केवल दुकानदार की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उनके सिर पर फावड़े से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले में सैयदराजा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पूरी घटना सैयदराजा थाना क्षेत्र के मनराजपुर गांव की है। यहां रहने वाले हरिदास यादव गांव में ही पान-गुटखे की दुकान चलाते हैं। बताया जा रहा है कि गांव का ही एक युवक विशाल यादव दुकान पर उधार गुटखा लेने आया था। जब दुकानदार हरिदास ने उसका पिछला बकाया पैसा न चुकाने के कारण और उधार देने से इनकार कर दिया, तो दोनों के बीच तीखी बहस हो गई।

पैसे लूटने की नीयत से किया हमला

विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि अगले दिन सुबह करीब आठ बजे जब हरिदास सामान खरीदने के लिए बाजार जा रहे थे, तभी आरोपियों ने उन्हें रास्ते में ही घेर लिया। हमलावरों में रणविजय उर्फ विजय, विशाल और कन्हैया यादव शामिल थे। इन लोगों ने पहले हरिदास के साथ गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से उनकी पिटाई शुरू कर दी।

हमलावरों ने न केवल मारपीट की, बल्कि पीड़ित की साइकिल और बैग में रखे करीब 25 से 30 हजार रुपये भी छीन लिए। इसी दौरान जान से मारने की नीयत से आरोपी विजय ने फावड़े से हरिदास के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर सैयदराजा पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था। थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रणविजय को सकलडीहा रोड स्थित एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान से धर दबोचा। पुलिस अब इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Share:

Comments

Leave a comment