चंदौली: बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर काटा केक, पुलिस चौकी के पास जश्न का वीडियो वायरल
चंदौली के शिकारगंज में सड़क जाम कर मनाया गया जन्मदिन। पुलिस चौकी के पास हुई इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर उठे सवाल।

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां कानून की धज्जियां उड़ाते हुए बीच बाजार सड़क पर जन्मदिन का जश्न मनाया गया। चकिया कोतवाली क्षेत्र के शिकारगंज बाजार में एक चारपहिया वाहन को मुख्य मार्ग पर खड़ा कर केक काटा गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने न केवल यातायात व्यवस्था बल्कि स्थानीय पुलिस की मुस्तैदी पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि चकिया-अहरौरा मुख्य मार्ग पर गाड़ी खड़ी है और उसके चारों ओर समाजवादी पार्टी के एक युवा नेता समेत दर्जनों लोग जमा हैं। सभी लोग सड़क पर ही केक काटकर सतीश मौर्य का जन्मदिन मना रहे थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा तामझाम शिकारगंज पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर चल रहा था।
पुलिस की मौजूदगी और जाम की समस्या
स्थानीय लोगों का दावा है कि इस जश्न के दौरान शिकारगंज पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही श्रीराम यादव भी वहां मौजूद थे। बताया जा रहा है कि यह घटना 8 नवंबर की है। सड़क के बीचों-बीच गाड़ी खड़ी होने की वजह से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और काफी लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोगों में इस बात को लेकर काफी नाराजगी है कि जब पुलिस चौकी इतनी करीब थी, तो वहां तैनात कर्मियों ने सड़क घेरकर जश्न मनाने वालों को क्यों नहीं रोका? यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पिछले साल सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू का भी सड़क पर केक काटने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद मुगलसराय कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। अब देखना यह है कि शिकारगंज की इस घटना पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है।