चंदौली में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रतियों ने किया व्रत का पारण, जयकारों से गूंज उठे घाट
चंदौली के विभिन्न घाटों पर छठ व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपना निर्जला व्रत खोला। सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन रहा तैनात।

उत्तर प्रदेश के चंदौली में लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन सोमवार की सुबह बेहद श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। नगर के विभिन्न छठ घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा, जहां व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य देव को अर्घ्य देकर अपने 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण किया। इस दौरान पूरा वातावरण छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय गीतों से गुंजायमान रहा।
भोर होते ही अलीनगर के ओम नगर, रामजानकी पोखरा, दामोदरदास पोखरा और मानसरोवर तालाब जैसे प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई। पारंपरिक परिधानों में सजी व्रती महिलाएं पानी में खड़ी होकर सूर्य देव की उपासना करती नजर आईं। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, बच्चों की लंबी उम्र और घर में खुशहाली की कामना करते हुए विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे
महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर था। घाटों पर भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, सीओ अरुण कुमार सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सोनू किन्नर और थाना प्रभारियों सहित कई वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे थे।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने पहले से ही पुख्ता इंतजाम किए थे ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो। इस अवसर पर पूर्व सांसद शिवशंकर और कई स्थानीय सभासदों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने उत्सव की गरिमा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।