जनगणना 2027: सहारनपुर में 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, डिजिटल होगा पूरा प्रोसेस

सहारनपुर में जनगणना 2027 की तैयारियां पूरी। 16 नवंबर से नागरिक ऑनलाइन स्व-गणना कर सकेंगे, जानें पूरी प्रक्रिया और जरूरी बातें।

Sushant Singh4 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
जनगणना 2027: सहारनपुर में 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, डिजिटल होगा पूरा प्रोसेस

सहारनपुर में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार की जनगणना खास इसलिए है क्योंकि पूरे देश में पहली बार इस पूरी प्रक्रिया को डिजिटल तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। मंडल आयुक्त और मंडल जनगणना अधिकारी डॉ. रूपेश कुमार ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपनी 'स्व-गणना' (Self-Enumeration) कर सकते हैं।

स्व-गणना की सुविधा उन लोगों के लिए है जो खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करना चाहते हैं। इसके लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण देना होगा। फॉर्म जमा करने के बाद एक SE ID मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है क्योंकि जब गणना करने वाले कर्मचारी घर आएंगे, तो उन्हें यह आईडी दिखानी होगी।

घर-घर जाकर होगी गिनती, 15 हजार से ज्यादा कर्मचारी तैनात

जो लोग ऑनलाइन जानकारी नहीं भर पाएंगे, उनके लिए व्यवस्था पहले की तरह ही रहेगी। 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर जनसंख्या की गिनती करेंगे। सहारनपुर मंडल में इस कार्य के लिए कुल 15,152 गणनाकर्मियों और सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है, जिनमें से 6,889 कर्मचारी अकेले सहारनपुर जिले में काम करेंगे।

इस डिजिटल जनगणना के तहत कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें नाम, उम्र, लिंग, जन्म स्थान, वैवाहिक स्थिति, धर्म, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, आजीविका, प्रवासन, विकलांगता और बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां मांगी जाएंगी। डॉ. कुमार ने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिनियम 1948 के तहत सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सही जानकारी दें, लेकिन साथ ही सतर्क भी रहें। किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक पासवर्ड, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या ओटीपी (OTP) साझा न करें। यदि किसी को सहायता की आवश्यकता है, तो वे नेशनल हेल्पलाइन नंबर 1855 या व्हाट्सएप चैटबॉट 18001801855 पर संपर्क कर सकते हैं।

बता दें कि इस जनगणना का पहला चरण (मकानों की सूची बनाना) मई और जून 2026 में पूरा हो चुका है, जबकि संशोधित विवरण दर्ज करने का समय 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक रहेगा। यह भारत की 16वीं राष्ट्रीय जनगणना और आजादी के बाद की आठवीं जनगणना है।

Share:

Comments

Leave a comment