शाहजहाँपुर केस: 12 लाख की रिश्वत लेते NCB के दो सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार, CBI ने बिछाया जाल

सीबीआई ने शाहजहाँपुर के एक मेडिकल स्टोर मालिक से रिश्वत लेने के आरोप में एनसीबी के दो सब-इंस्पेक्टर्स को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

Shubham Singh17 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश

सीबीआई (CBI) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की दिल्ली जोनल यूनिट के दो सब-इंस्पेक्टर्स को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इन अधिकारियों पर शाहजहाँपुर के एक मेडिकल स्टोर मालिक से भारी रकम की रिश्वत लेने का आरोप है। सीबीआई ने यह कार्रवाई दिल्ली के आर.के. पुरम इलाके में मुनिरका मेट्रो स्टेशन के पास की, जहाँ आरोपी अधिकारी 12 लाख रुपये की पहली किस्त लेते हुए पकड़े गए।

पूरा मामला उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर जिले के पुवायां इलाके से जुड़ा है। यहाँ संजीवनी मेडिकल स्टोर के मालिक अमीन शुक्ला ने सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई थी। दरअसल, जुलाई 2026 में एनसीबी ने डिक्लोमाइन ट्रामाडोल एचसीएल कैप्सूल की बिक्री के संबंध में अमीन शुक्ला को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एक नोटिस जारी किया था। अमीन का दावा है कि उन्होंने सितंबर में नोटिस मिलने के बाद सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें परेशान किया गया।

50 लाख की डिमांड और धमकी का खेल

शिकायत के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 को सब-इंस्पेक्टर अजीत सिंह मीणा उसी नोटिस की एक और कॉपी देने के बहाने स्टोर पर पहुंचे। आरोप है कि यहाँ उन्होंने अमीन शुक्ला को डराया और धमकी दी कि उन्हें प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री के मामले में फंसा दिया जाएगा, जिसमें कम से कम 10 साल की जेल हो सकती है। इस डर का फायदा उठाते हुए अधिकारियों ने शुरू में मामले को रफा-दफा करने के लिए 50 लाख रुपये की मांग की, जो बाद में बातचीत के बाद 25 लाख रुपये तय हुई।

जब अमीन शुक्ला ने इस उत्पीड़न की शिकायत सीबीआई से की, तो एजेंसी ने 14 नवंबर 2026 को एफआईआर दर्ज की। इसके बाद 16 नवंबर को एक ट्रैप ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान आरोपी अधिकारी अजीत सिंह मीणा और सुमित कुमार को तब दबोचा गया जब वे 12 लाख रुपये (जिसमें 2 लाख असली और 10 लाख डमी नोट थे) ले रहे थे।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट के स्पेशल जज के सामने पेश किया गया। कोर्ट ने सीबीआई को दो दिन की पुलिस हिरासत सौंपी है ताकि रिश्वत की रकम की रिकवरी की जा सके और इस खेल में शामिल अन्य संभावित अधिकारियों और मोबाइल डिवाइस की जांच की जा सके।

Share:

Comments

Leave a comment