बाराबंकी: लखनऊ-गोंडा हाईवे पर चलती कार बनी आग का गोला, बाल-बाल बचा दंपत्ति
बाराबंकी के मलिहमाऊ के पास चलती कार में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे सीतापुर के दंपत्ति।

बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लखनऊ-गोंडा हाईवे पर मलिहमाऊ गांव के पास एक चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। गनीमत यह रही कि कार में सवार दंपत्ति समय रहते बाहर निकल आए, वरना एक बड़ी अनहोनी हो सकती थी। इस हादसे में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, सीतापुर जिले के रहने वाले अभय प्रताप अपनी पत्नी नीतू के साथ बहराइच से लखनऊ की ओर जा रहे थे। सफर के दौरान अचानक कार से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। जैसे ही अभय को खतरे का एहसास हुआ, उन्होंने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी रोकी और अपनी पत्नी के साथ कार से बाहर कूद गए।
शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह
घटना के बाद मौके से गुजर रहे अन्य लोगों ने तुरंत स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जांच में इस भीषण आग की वजह कार में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग इतनी तेज थी कि जब तक दमकल की टीम पहुंचती, गाड़ी का ढांचा पूरी तरह जल चुका था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यह पुष्टि की कि इस हादसे में दंपत्ति को कोई चोट नहीं आई है।