बुलंदशहर: 8 साल की मासूम का अपहरण कर दुष्कर्म और हत्या, आरोपी फरार
बुलंदशहर में 8 साल की बच्ची को गोलगप्पे का लालच देकर अगवा किया गया, जिसके बाद उसकी दुष्कर्म और हत्या कर दी गई। आरोपी फरार है।

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 8 साल की मासूम बच्ची को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना सिकंदराबाद कोतवाली के इंडस्ट्रियल एरिया चौकी के अंतर्गत आने वाली तेज सिंह कॉलोनी की है। दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली यह बच्ची शुक्रवार शाम से लापता थी, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात उसकी लाश घर के पास ही एक जंगली इलाके में बरामद हुई।
गोलगप्पे का लालच देकर ले गया आरोपी
बच्ची के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, इस जघन्य अपराध का आरोप उनके साथ काम करने वाले रवि कश्यप पर है। आरोप है कि रवि ने मासूम बच्ची को गोलगप्पे खिलाने का लालच देकर घर से दूर बहला-फुसलाकर ले गया। शुरुआती जांच में बच्ची के सिर पर चोट के निशान मिले हैं और पुलिस को अंदेशा है कि पहचान छिपाने के डर से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई।
आरोपी रवि कश्यप मूल रूप से कन्नौज जिले के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के तरियान गांव का निवासी है और वह उसी घर में किराएदार के तौर पर रह रहा था जहां बच्ची का परिवार रहता था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जिसके बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए बदायूं स्थित पैतृक गांव भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सिटी) अभिषेक प्रताप अजय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जांच के सिलसिले में आरोपी की पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है।