बदायूँ: बुजुर्ग महिलाओं को ठगने वाले गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार, सोने के गहने बरामद

उत्तर प्रदेश के बदायूँ जिले में पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो बुजुर्ग महिलाओं को अपना निशाना बनाकर उनके सोने के जेवर ठग लेता था। उझानी पुलिस ने इस गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। शहर के पुलिस अधीक्षक (SP City) अभिषेक कुमार सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस पूरी कार्रवाई की जानकारी साझा की।
पुलिस को इस गैंग की सटीक लोकेशन मिली थी, जिसके बाद टीम ने उझानी रेलवे स्टेशन के पास स्थित खंडहरों से घेराबंदी कर इन पांचों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान केशु (फिरोजाबाद), रवि गहलोत और उसकी पत्नी सना तथा बेटे कृष्णा (आगरा) और रामली (लखनऊ) के रूप में हुई है।
नोटों की गड्डी का झांसा देकर लूटते थे गहने
इस गैंग के ठगी करने का तरीका बेहद शातिर था। ये लोग बुजुर्ग महिलाओं को विश्वास में लेते थे और उन्हें कागज की एक गड्डी दिखाते थे, जिसके ऊपर 500 रुपये का नोट लगा होता था। पहली नजर में यह बड़ी रकम जैसा दिखता था। इसी लालच और झांसे में फंसाकर ये लोग महिलाओं से उनके सोने की चेन, कान के टॉप्स और अन्य कीमती गहने ले लेते थे।
पूछताछ के दौरान गैंग ने कबूल किया कि वे पीड़ितों को डराने के लिए अपने साथ हथियार भी रखते थे। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्तौल, दो कारतूस, एक चाकू और बड़ी मात्रा में सोने के गहने जैसे मंगलसूत्र, अंगूठी और टॉप्स बरामद किए हैं। इसके अलावा 13,020 रुपये नकद, नकली नोटों की गड्डियां और सफेद धातु के सिक्के भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का मुख्य आरोपी केशु पहले भी कई अपराधों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ सिविल लाइन, कुंवरगांव और उझानी थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस गैंग ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।