रामनगर की राम कथा में शामिल होंगे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, आयोजन समिति ने दिया निमंत्रण

बाराबंकी के पवित्र शहर रामनगर में भक्ति और आस्था का संगम होने जा रहा है। भगवान लोधेश्वर महादेव की पावन धरती के लिए मशहूर रामनगर में नौ दिवसीय रामनगर राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक कार्यक्रम की भव्यता बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जिन्होंने इस आयोजन में अपनी उपस्थिति की पुष्टि की है।
मंगलवार को आयोजन समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें औपचारिक रूप से निमंत्रण पत्र सौंपा गया और उनसे कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया। उपमुख्यमंत्री ने सहर्ष इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।
इन दिग्गजों ने सौंपा निमंत्रण पत्र
उपमुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा नेता गौरीकांत दीक्षित, ट्रेड यूनियन अध्यक्ष रविकांत पांडेय, पवन कुमार ओझा और निखिल पांडेय जैसे प्रमुख सदस्य शामिल थे। समिति ने बताया कि यह आयोजन श्री हनुमान महाराज की असीम कृपा से रामनगर के पुराने तहसील परिसर में किया जा रहा है।
यह धार्मिक अनुष्ठान 27 अक्टूबर से शुरू होकर 4 नवंबर 2026 तक चलेगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और आम जनता से अपील की है कि वे इस नौ दिवसीय आध्यात्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ कमाएं।