डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का गोंडा दौरा: श्रीराम कथा में जुटेंगे एक लाख श्रद्धालु
यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मंगलवार को गोंडा के जयप्रभा ग्राम में श्रीराम कथा में शामिल होंगे, जहां एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु मौजूद रहेंगे।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मंगलवार को गोंडा जिले के दौरे पर रहेंगे। वह जयप्रभा ग्राम में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा में शिरकत करेंगे। इस धार्मिक आयोजन में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है, जिन्हें संबोधित भी करेंगे। बता दें कि पहले यह दौरा 22 नवंबर (रविवार) को तय था, लेकिन तकनीकी कारणों से हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, जिसके चलते कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा था।
तय है मिनट-दर-मिनट का कार्यक्रम
उपमुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, ब्रजेश पाठक दोपहर 1:25 बजे लखनऊ एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए रवाना होंगे और दोपहर 2:10 बजे गोंडा के निर्धारित हेलीपैड पर उतरेंगे। वहां से करीब ढाई किलोमीटर की सड़क यात्रा तय कर वह कथा स्थल पहुंचेंगे।
डिप्टी सीएम दोपहर 2:20 से 3:05 बजे तक कार्यक्रम में रहेंगे। इस दौरान वह कथावाचक राजन जी महाराज के प्रवचन सुनेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 3:10 बजे वह वापस लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट और श्री चित्रकूट बालाजी ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत आलोक दास ने इस दौरे को खास बताया है। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री का आगमन आयोजकों और भक्तों के लिए सौभाग्य की बात है। महंत के अनुसार, ब्रजेश पाठक का सनातन धर्म के प्रति गहरा लगाव है, जो अक्सर ऐसे धार्मिक आयोजनों में उनकी उपस्थिति से झलकता है।